पटना। बिहार विधानसभा के बजट सत्र के दौरान गुरुवार को राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बीच कई बार तीखी नोकझोंक देखने को मिली। हालांकि दोनों नेताओं ने इसे हल्की मुस्कान के साथ पेश किया।
मुख्यमंत्री ने चर्चा के दौरान सरकार की उपलब्धियों को गिनाया। इसी बीच जब तेजस्वी यादव कुछ कहना चाहते थे, तो मुख्यमंत्री ने उन्हें रोकते हुए कहा कि “चुपचाप बैठकर मेरी बात सुनो। छह विधायकों को खींचने के लिए पैसे कहां से आए, कितना खर्च हुआ, सब वही गड़बड़ था। उसी पर तुम लोग छोड़े गए।”
तेजस्वी ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, “कुछ भी बोलिएगा।” इस पर मुख्यमंत्री ने उन्हें झिड़कते हुए कहा, “अरे बैठो न, तुम बच्चा नहीं हो, हम तुम्हारे पिता के समय के हैं। हम तुम्हें मानते हैं, बनाए हैं।”
अभिभाषण पर चर्चा के दौरान तेजस्वी यादव ने पैर के दर्द का हवाला देते हुए बैठकर अपने विचार रखने की अनुमति मांगी। उन्होंने कहा कि नाखून उखड़ने के कारण खड़ा होने में कठिनाई हो रही है। इसके बाद वे बैठकर ही सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली पर जमकर निशाना साधते हुए बोले कि “बेटियों की चीख से भी इस सरकार की नींद नहीं टूटती। इस सरकार की पहचान केवल झूठी वाहवाही और लापरवाही है।”
तेजस्वी ने अपराध के आंकड़े पेश करते हुए सवाल किया कि “कहाँ गया कानून का राज? भाजपा ने लोकतंत्र को गन तंत्र बना दिया।”