रोहतास जिले के सासाराम में शनिवार की सुबह पुलिस ने तकिया मोहल्ला स्थित एक अधिवक्ता के घर छापेमारी कर कई अवैध हथियार और जिंदा कारतूस बरामद किए। यह कार्रवाई उस समय की गई जब अधिवक्ता पर मामूली विवाद में हथियार दिखाने और महिलाओं के साथ मारपीट करने का आरोप सामने आया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
अवैध हथियार और कारतूस बरामद
वीडियो वायरल होने के बाद सासाराम नगर थाने की पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अधिवक्ता राजकमल प्रसाद के घर पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने एक कट्टा, एक पिस्टल और 16 जिंदा कारतूस बरामद किए।
अधिवक्ता और पत्नी गिरफ्तार
पुलिस ने अधिवक्ता राजकमल प्रसाद और उनकी पत्नी धर्मशिला देवी को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। सदर डीएसपी वन दिलीप कुमार ने बताया कि वीडियो की जांच के आधार पर अन्य संदिग्धों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अधिवक्ता का बयान
गिरफ्तारी के बाद अधिवक्ता राजकमल प्रसाद ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि पुलिस सुबह अचानक उनके घर में घुस आई। उन्होंने दावा किया कि उन्हें बरामद हथियारों के बारे में कोई जानकारी नहीं है और इस मामले में साजिश की आशंका जताई है।
मामूली विवाद से बढ़ा मामला
घटना की पृष्ठभूमि में बताया गया है कि बीते गुरुवार को अधिवक्ता के घर के पास कुछ महिलाएं लकड़ी काट रही थीं। नाराज होकर अधिवक्ता ने हथियार दिखाते हुए उन्हें धमकी दी। महिलाओं ने अधिवक्ता पर छेड़छाड़ और मारपीट का आरोप लगाया, जिसके बाद पुलिस ने उनकी शिकायत पर कार्रवाई की।