वैशाली में बिहार की राजनीति में हलचल पैदा करते हुए लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी जनशक्ति जनता दल तिरहुत स्नातक एमएलसी पद के लिए चुनाव लड़ेगी।
तेज प्रताप यादव राघोपुर में एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया कि राघोपुर के लोगों ने उन्हें विशेष आमंत्रण भेजा था। बिहार विधानसभा चुनाव के बाद यह उनका राघोपुर का पहला दौरा था।
तेज प्रताप यादव ने स्पष्ट किया, "हां, हमारी पार्टी तिरहुत स्नातक एमएलसी पद के लिए चुनाव लड़ेगी और उम्मीदवार उतारेगी।"
राघोपुर में उनका भव्य स्वागत किया गया। बिदूपुर प्रखंड के रहीमापुर प्रदेश प्रवक्ता प्रेम कुमार और पार्टी कार्यकर्ताओं ने उन्हें कार्यक्रम स्थल पर आमंत्रित किया और गर्मजोशी से स्वागत किया। तेज प्रताप यादव ने कहा कि राघोपुर के लोगों की मेहमाननवाजी उनके लिए प्रेरणादायक रही और यही कारण है कि वह इस कार्यक्रम में शामिल हुए।
तेज प्रताप यादव ने बिहार विधानसभा चुनाव के समय अपनी पार्टी जनशक्ति जनता दल बनाई थी। हालांकि, उस चुनाव में पार्टी को कोई बड़ी सफलता नहीं मिली और उनके सभी उम्मीदवार चुनाव हार गए, जिसमें खुद तेज प्रताप यादव भी शामिल थे।