मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आवास पर शुक्रवार की शाम दावते इफ्तार का आयोजन किया गया है। एक अणे मार्ग पर आयोजित इस इफ्तार पार्टी में शामिल होने के लिए महागठबंधन के सभी दलों के प्रमुख नेता पहुंचे हैं। राजद की ओर से डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव समेत कई वरीय नेता पहुंचे हैं। वहीं, जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा और मंत्री संजय झा समेत कई नेता मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पिछले वर्ष जब एनडीए गठबंधन में थे, उस वक्त भी उन्होंने इफ्तार पार्टी का आयोजन किया था। उस समय यह इफ्तार पार्टी चर्चा में इसलिए थी, क्योंकि इसमें लालू प्रसाद के दोनों बेटे तेजस्वी और तेज प्रताप यादव पहुंचे थे। इस पार्टी के तीन महीने बाद ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एनडीए का साथ छोड़ दिया और राजद के साथ हाथ मिलाकर बिहार में महागठबंधन की सरकार बना ली थी।

बीजेपी ने सीएम नीतीश पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री की इफ्तार पार्टी को लेकर नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा ने जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि नालंदा और सासाराम में क्या हुआ सबको पता है। दोनों जगह लोग उपद्रव के शिकार हुए। बिहार सरकार हिंसा रोकने में पूरी तरह विफल रही और ऐसे में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इफ्तार पार्टी की दावत दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा इस इफ्तार पार्टी का बहिष्कार करती है। भाजपा के कोई भी नेता इसमें शामिल नहीं होंगे। नीतीश कुमार ने इस दावते इफ्तार के लिए भाजपा के नेताओं को भी न्योता भेजा था, लेकिन भाजपा के नेता इस पार्टी में शामिल नहीं हुए।