सहरसा: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शुक्रवार को समृद्धि यात्रा के तीसरे चरण में सहरसा पहुंचे और जिले के विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। स्टेडियम में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान उन्होंने 2005 से पहले राज्य की स्थिति और अब आए बदलावों का जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले बिहार पिछड़ा हुआ था और अपराध पर नियंत्रण मुश्किल था, लेकिन अब कानून का राज स्थापित हो गया है।
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार के सहयोग से राज्य शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और रोजगार जैसे क्षेत्रों में लगातार प्रगति कर रहा है।
आने वाले पांच वर्षों में रोजगार का बड़ा लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अगले पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रख रही है। सात निश्चय योजना के तहत राज्य के हर क्षेत्र में योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में बड़े पैमाने पर उद्योगों की स्थापना सभी जिलों में की जाएगी, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के लिए बाहर जाने की आवश्यकता कम होगी।
जनसंवाद में महिलाओं से मज़ेदार बातचीत
कार्यक्रम के दौरान जब कुछ महिलाएं कार्यक्रम स्थल से बाहर जा रही थीं, मुख्यमंत्री ने उन्हें आवाज लगाते हुए कहा, “कहां जा रही हैं, हम इतना काम किए हैं। हम कहीं भाग नहीं रहे हैं।” इस पर सभा में हल्की मुस्कान देखने को मिली।
सहरसा में स्वास्थ्य और शिक्षा के नए प्रोजेक्ट
मुख्यमंत्री ने कहा कि सहरसा में जल्द ही मेडिकल कॉलेज का निर्माण किया जाएगा, जिससे कोसी क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। उन्होंने तिलावे नदी की उड़ाही को जल्द पूरा करने और जिले के 201 गांवों में दूध उत्पादन केंद्र स्थापित करने की योजना की घोषणा की। इसके अलावा सभी 141 पंचायतों में सुधा दूध केंद्र खोले जाएंगे।
उन्होंने बताया कि जिले के दस प्रखंडों में आदर्श विद्यालय और स्नातक महाविद्यालय खोले जाएंगे। जिला मुख्यालय में उत्कृष्टता केंद्र (Center of Excellence) का निर्माण भी किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोसी क्षेत्र पर सरकार का विशेष ध्यान है और विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
सिलाई केंद्र और पार्क का उद्घाटन
समृद्धि यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने शाहपुर में जीविका दीदियों के नोडल सिलाई केंद्र का उद्घाटन किया। उन्होंने तालाब के सौंदर्यीकरण का निरीक्षण किया और नगर निगम पार्क का लोकार्पण भी किया। वापसी के दौरान शहर में बन रहे रेलवे ओवरब्रिज (ROB) के निर्माण कार्य का निरीक्षण भी किया।
512 करोड़ की 125 योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 512 करोड़ रुपये की लागत से 125 योजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और कार्यारंभ किया। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने अपने संबोधन में मुख्यमंत्री द्वारा किए गए विकास कार्यों को सराहा और कहा कि आगामी कार्यों में एनडीए सरकार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दिशा-निर्देशों के अनुसार आगे बढ़ेगी।