बिहार के बांका जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। प्रभावती नगर थाना क्षेत्र के बसंतपुर गांव में गुरुवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने एक बुजुर्ग दंपति की बेरहमी से हत्या कर दी। इस दोहरे हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों के बीच भय का माहौल बना हुआ है।
मृतकों की पहचान 70 वर्षीय कैलाश यादव और उनकी 65 वर्षीय पत्नी समरी देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों गांव में एक छोटा मुर्गी फार्म चलाकर अपना गुजारा करते थे। गुरुवार रात दंपति अपने घर के पास बने गोहाल में सो रहे थे। इसी दौरान देर रात 4 से 5 बदमाश वहां पहुंचे और धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने दोनों का गला काटकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए।
शुक्रवार सुबह जब आसपास के लोग वहां पहुंचे तो खून से सने दोनों शव देखकर हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में मातम छा गया और लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
जमीन विवाद को लेकर आशंका
ग्रामीणों के अनुसार इस हत्या के पीछे जमीन का विवाद वजह हो सकता है। समरी देवी के मायके कटोरिया थाना क्षेत्र के बहादिया गांव में मुख्य सड़क किनारे करीब 16 कट्ठा जमीन थी। हाल ही में दंपति ने उस जमीन में से 2 कट्ठा जमीन बेची थी। माना जा रहा है कि इसी जमीन को लेकर विवाद या लालच के चलते अपराधियों ने इस वारदात को अंजाम दिया होगा।
कैलाश यादव के परिवार में एक बेटा है, जो राजमिस्त्री का काम करता है, जबकि उनकी चार बेटियों की शादी हो चुकी है।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ अमर विश्वास और थाना प्रभारी सुधीर कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया है। डॉग स्क्वायड की मदद से अपराधियों के भागने के रास्ते की जानकारी जुटाने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला जमीन विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही इस मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पूरे इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और ग्रामीण दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।