पिछले करीब एक हफ्ते से दरभंगा गरम है। मौसम के साथ राजनीतिक तापमान के कारण भी। राजनीतिक तापमान भी सत्तारूढ़ जनता दल यूनाईटेड के अंदर ही ज्यादा गरम है। यह गरमी शनिवार को और बढ़ेगी। मंच से भी और मंच के माहौल से भी। उसकी वजह तक जाने के पहले आज का कार्यक्रम और उसका लक्ष्य जान लेना अच्छा है। दरअसल, अगड़ी जातियों, खासकर ब्राह्मण प्रभाव वाले मिथिलांचल को लक्ष्य कर जनता दल यूनाईटेड दरभंगा में कार्यकर्ता सम्मेलन कर रहा है। लेकिन, लक्ष्य सिर्फ यही नहीं। इसी हफ्ते दरभंगा की मेयर अंजुम आरा की जदयू में एंट्री, पिछले करीब डेढ़ महीने से राज्य के जल संसाधन मंत्री संजय झा का केंद्र पर मिथिलांचल की ‘अ’सुविधा को लेकर हमलावर रुख और इस कार्यक्रम का दरभंगा में होना- तीनों ही अंतिम तौर पर एक बड़े लक्ष्य की ओर कदम है।
अब जानिए, दरभंगा और मधुबनी का सियासी गणित
दरभंगा में कुल दस विधानसभा सीट है। इनमें से अभी 6 पर भाजपा और एक सीट पर राजद और तीन पर जदयू के कब्जा है। कुशेश्वरस्थान सीट से जदयू के अमन भूषण हजारी विधायक हैं। वहीं गौडबोराम से भाजपा की स्वर्णा सिंह है। बेनीपुर से जदयू के विनय चौधरी, विधायक हैं। अलीनगर से भाजपा के मिश्रीलाल यादव जबकि ग्रामीण से राजद ललित यादव, विधायक हैं। शहरी विधान सभा सीट लगातार 5 बार से भाजपा के संजय सरावगी विधायक हैं। वहीं जाले से भाजपा के जीवेश मिश्रा और हायाघाट से भी भाजपा के श्रीरामचन्द्र साह विधायक हैं। दरभंगा संसदीय क्षेत्र से भाजपा के सांसद गोपाल जी ठाकुर है। मधुबनी की बात करें तो यहां लोकसभा की सीट से भाजपा के अशोक यादव सांसद हैं। मधुबनी में भी दस विधानसभा सीटे हैं। इसमें अभी जदयू के पास 3 सीटें पर कब्जा है। इसमें फुलपरास, हरलाखी और बाबूबरही शामिल हैं। यहां की पांच विधानसभा सीटों पर भाजपा का कब्जा है। इनमें विस्फी, बेनीपट्टी, खजौली, झंझारपुर, राजनगर शामिल हैं। वहीं मधुबनी शहर और लौकहा की सीट पर राजद का कब्जा है।
दरभंगा और मधुबनी के सीटों पर किस पार्टी का क्या हाल
- भाजपा- 2 लोकसभा, 11 विधानसभा
- राजद- 3 विधानसभा
- जदयू- 6 विधानसभा
दरभंगा की मेयर अंजुम आरा कुछ दिन पहले ही जदयू में शामिल हुईं
पिछले साल दिसंबर में संपन्न हुए मेयर चुनाव में पहली बार सीधे जनता ने वोट किया था। पहले वार्ड पार्षद मेयर चुनते थे। इस बार लोगों ने मेयर को चुना। एक तरह से देखें तो किसी विधायक से वोटर के मामले में मेयर का पद ज्यादा शक्तिशाली है। इस निकाय चुनाव में दरभंगा की मेयर अंजुम आरा बनीं। 3 दिन पहले ही कांग्रेस का हाथ छोड़ पार्टी का दामन थामते ही मेयर अंजुम आरा ने कहा कि दरभंगा की मेयर नीतीश कुमार की बदौलत बनी हूं। नीतीश कुमार ने महिलाओं को आरक्षण देकर आगे बढ़ाने का काम किया है। नीतीश कुमार की नीतियों से प्रभावित होकर ली। अंजुम आरा ने धर्मशिला गुप्ता 8734 वोट से हराया। चुनाव में उन्हें 30114 वोट मिले थे।