24 घंटों के दौरान पटना समेत बिहार के 25 शहरों के अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है। दोपहर में प्रचंड धूप के बीच पछुआ हवा लू में बदलने की तैयारी में है। विभिन्न शहरों के अधिकतम तापमान में भी 2 डिग्री तक की वृद्धि दर्ज की गई है।

रविवार को पटना का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस ऊपर दर्ज किया गया है। यहां का अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री दर्ज किया गया।

वहीं, 39.5 डिग्री के साथ खगड़िया में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया, नालंदा 38.3 डिग्री, गया 37.8 डिग्री, शेखपुरा 39 डिग्री, जमुई का अधिकतम तापमान 38.1 डिग्री दर्ज किया गया।

15 अप्रैल से बढ़ेगा तापमान

बता दें कि आने वाले कुछ दिनों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में अधिकतम तापमान बढ़ने के आसार है। मौसम विभाग ने 15 अप्रैल से तापमान 40 डिग्री तक पहुंचने की आशंका जताई है। इस दौरान गर्म हवा लोगों पर कहर बरपा सकती है।

दरअसल, इस साल बिहार में अप्रैल महीने की शुरुआत से ही गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। राज्य में चलने वाली पछुआ हवा ने अभी से लू के हालात पैदा कर दिए हैं।

अप्रैल में सबसे ज्यादा तापमान का असर दक्षिण पश्चिम जिलों के बक्सर, भागलपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद, अरवल के साथ सटे हिस्सों में देखने को मिल सकता है।

दोपहर को घर से बाहर निकलने पर बरते सावधानी

मौसम विभाग के अनुसार, आज प्रदेश में सतही हवा की गति 10-15 किमी प्रति घंटा और कुछ स्थानों पर झोंके के साथ 20-30 किमी प्रति घंटा रहने का पूर्वानुमान है। वहीं, मौसम विभाग ने इस दौरान पश्चिमी हवा चलने से दिन का तापमान अधिक रहने की आशंका जताई है। लिहाजा, लोगों को दोपहर के वक्त बाहर निकलते समय सावधानी बरतनी चाहिए।

जानिए डॉक्‍टर की राय

गर्मी बढ़ने के साथ ही लू और दूसरे कई बीमारी के बढ़ने की आशंका हो जाती है। इसको देखते हुए डॉक्टर ने सलाह दी है कि पछुआ हवा की वजह से शरीर में पानी कम हो जाता है। ऐसे हालात में शरीर में पानी की मात्रा मेंटेन रखने पर लोगों को विशेष ध्यान देना चाहिए।

इसके साथ ही जब भी लोग घर से बाहर निकले तो अपने चेहरे को अच्छी तरीके से ढंक लें। इस मौसम में खान-पान में लापरवाही ना बरतें, अगर वह ऐसा करते हैं तो उन्हें डिहाइड्रेशन, खांसी, सर्दी और बुखार हो सकता है।