खगड़िया की अगुवानी गंगा घाट पर बड़ा हादसा हुआ है। जहां गंगा स्नान के लिए पहुंचे छह लोग गंगा नदी में डूब गए। इनमें से दो को स्थानीय लोगों ने बचा लिया है। बताया जा रहा है कि चार अन्य लोग अभी भी लापता हैं। इसकी खोज स्थानीय तैराकों द्वारा की जा रही है। घटना शनिवार दोपहर एक बजे की है। इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद जिला मुख्यालय से एसडीआरएफ की टीम को घटनास्थल पर भेजा गया है। वहीं घटनास्थल पर लोगों की भीड़ देखी जा रही है।
एक-दूसरे को बचाने के क्रम में हुआ हादसा
घटनास्थल पर मौजूद लोगों की मानें तो अगुवानी घाट पर गंगा स्नान के लिए रोजाना सैकड़ों लोगों की भीड़ पहुंचती है। लोगों ने कहा कि जिस समय घटना हुई है, उस समय डूबते लोगों को बचाने की कोशिश में अन्य सभी लोग घटना का शिकार हो गए। बताया जा रहा है कि वहां मौजूद स्थानीय ग्रामीणों ने किसी तरह दो लोगों को गंगा नदी से निकाल लिया है। जबकि चार अन्य लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। इधर, मामले में परबत्ता थानेदार ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के तुरंत बाद एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया है। जल्द ही रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया जाएगा।