बिहार: तेज रफ्तार ट्रक ने आधा दर्जन लोगों को कुचला, दो की मौत

कैमूर में सोमवार को एक तेज रफ्तार ट्रक ने करीब आधा दर्जन लोगों को रौंद दिया। मौके पर ही दो लोगों की मौत हो गई है। आनन- फानन में सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना मोहनिया शहर का सबसे व्यस्ततम इलाका चांदनी चौक पर घटी है।

जो भी रास्ते में आया सबको कुचलकर निकला ट्रक

बताया जाता है कि डड़वा की तरफ से आ रही तेज रफ्तार धान से लदा ओवरलोड ट्रक अनियंत्रित होकर लोगों को रौंदते हुए आगे निकल गया। मोहनिया के ग्रामीण तुलसी गुप्ता ने बताया कि रामगढ़ रोड की तरफ से ट्रक मोहनिया चांदनी चौक पर आ रहा था। जैसे ही वह ओवर ब्रिज से नीचे चांदनी चौक की तरफ उतरा, उसका स्पीड कम नहीं हुआ और जो भी रास्ते में आया बाइक, टेंपो , रिक्शा, पैदल वाले सभी लोगों को रौंदते हुए भभुआ वाले रोड में बढ़ गया। इसके चपेट में आने से दो की मौत और छह लोग घायल हैं।

मृतकों की पहचान ठाकुर दयाल जायसवाल और 14 साल की मानसी के रूप में की गई है। बताया गया कि मानसी मदर शकुंतला स्कूल की बच्ची थी जो अपनी साइकिल से फीस जमा करने स्कूल जा रही थी। वह राबर्ट्सगंज की रहने वाली थी और ननिहाल में रहकर पढ़ाई करती थी। वहीं ठाकुर दयाल जायसवाल पेशे से एक एलआईसी एजेंट थे।

तीन लोगों की स्थिति नाजुक बताई जा रही। उधर, घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही मोहनिया थाना की पुलिस और दंगा नियंत्रण वाहन मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस के सहयोग से सभी घायलों को उपचार के लिए अनुमंडल अस्पताल मोहनिया भिजवाया गया।

घटनास्थल पर हजारों की संख्या में लोगों की भीड़ जमी हुई थी। चांदनी चौक पर दिन में बड़े वाहनों के लिए नो एंट्री लगा हुआ है। नो एंट्री को लेकर एक सेक्शन फोर्स की तैनाती की गई है। बावजूद इसके धान लदा ओवरलोड ट्रक कैसे आया यह जांच का विषय है। घटना के बाद थोड़ी देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मोहनिया थाना अध्यक्ष ललन कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि मोहनिया के चांदनी चौक के पास पहुंचे तो लोगों ने बताया कि ट्रक तेज रफ्तार थी। ब्रेक फेल हो जाने के कारण बाइक, ई रिक्शा को टक्कर मारते हुए आगे जाकर रुक गई है। अस्पताल जाने के बाद ही क्लियर हो पाएगा कि कुल कितने घायल है और कितने लोगों की मौत हुई है। आगे की कार्रवाई की जा रही है। जांच के बाद ही पता चलेगा कि हादसा कैसे हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here