मुंगेर। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गुरुवार को समृद्धि यात्रा के तहत मुंगेर पहुंचे और जिले को विकास की कई सौगातें दीं। इस दौरान उन्होंने 8718.51 लाख रुपये की 52 योजनाओं का उद्घाटन और 3159.91 लाख रुपये की 24 योजनाओं का शिलान्यास किया।
सीएम ने कष्टहरणी घाट के सुंदरीकरण कार्य का निरीक्षण किया और मुंगेर-सबौर के बीच बन रहे गंगा पथवे के एलाइमेंट की जानकारी भी ली।
जनसंवाद में सीएम ने बताया बिहार का विकास सफर
सफियासराय हवाई अड्डा पर आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में नीतीश कुमार ने कहा कि 24 नवंबर 2005 से एनडीए सरकार ने बिहार को विकास की नई दिशा दी है। उन्होंने बताया कि पहले राज्य में कानून-व्यवस्था इतनी खराब थी कि शाम होते ही लोग घरों में दुबक जाते थे, लेकिन अब लोग रात में भी निडर होकर बाहर निकलते हैं।
शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क निर्माण में बदलाव
सीएम ने कहा कि पहले शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाएं कमजोर थीं, लेकिन अब हर क्षेत्र में सुधार हुआ है।
-
शिक्षा के क्षेत्र में नए स्कूल खोले गए और छात्राओं को पोशाक व छात्रवृत्ति योजनाओं से जोड़ा गया।
-
2023 से बड़े पैमाने पर शिक्षक बहाली हुई, जिसमें 2.58 लाख शिक्षकों की नियुक्ति हुई। वर्तमान में बिहार में 5.24 लाख शिक्षक कार्यरत हैं।
-
स्वास्थ्य सेवाओं में बदलाव के तहत 2006 से मुफ्त दवा और इलाज की व्यवस्था लागू की गई। पहले जहां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में औसतन 39 मरीज ही भर्ती होते थे, अब हर महीने लगभग 11,600 मरीजों का इलाज हो रहा है।
-
मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़ाकर 12 कर दी गई है और इसे और बढ़ाने की दिशा में काम जारी है।
कृषि, मत्स्य पालन और रोजगार में प्रगति
नीतीश कुमार ने कहा कि सड़क निर्माण, कृषि और मत्स्य पालन में भी उल्लेखनीय प्रगति हुई है। बिहार अब मछली उत्पादन में आत्मनिर्भर बन चुका है। उन्होंने बताया कि अगले पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है।
सामाजिक न्याय और महिलाओं को आरक्षण
मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर निकाय और पंचायत चुनावों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण मिला है। साथ ही सरकारी नौकरियों और पुलिस में महिलाओं के लिए 35 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया गया है।
जीविका मॉडल की सफलता
नीतीश कुमार ने जीविका मॉडल की सफलता पर गर्व जताया। उन्होंने बताया कि राज्य में 11 लाख से अधिक स्वयं सहायता समूह सक्रिय हैं, जिनसे 1.59 करोड़ महिलाएं जुड़ी हैं। यह मॉडल पूरे देश में अपनाया गया है।
केंद्र सरकार के सहयोग की सराहना
सीएम ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा बजट और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लगातार सहयोग मिलने से विकास को गति मिली है। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले वर्षों में बिहार विकास के नए मुकाम स्थापित करेगा।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, सांसद एवं केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह, मंत्री विजय कुमार चौधरी, प्रभारी मंत्री संजय कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद थे।