मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को राजधानी पटना में करीब 14.98 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले ‘देशरत्न डॉ. राजेन्द्र प्रसाद विहार गौरव उद्यान’ (वेस्ट टू वंडर थीम पार्क) का शिलान्यास किया। कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्यमंत्री ने देश के पहले राष्ट्रपति डॉ. राजेन्द्र प्रसाद की समाधि स्थल पर जाकर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि थीम पार्क का निर्माण गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से किया जाए, जिससे स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों को एक प्रेरणादायक व आकर्षक स्थल उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि यह पार्क एक ओर डॉ. राजेन्द्र प्रसाद की समाधि से सटा होगा और दूसरी ओर जेपी गंगा पथ से, जिससे यह स्थान विशेष रूप से दर्शनीय बनेगा।
थीम पार्क की खासियतें
नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा इस पार्क का निर्माण 10 एकड़ भूमि पर किया जाएगा। इसमें बिहार की ऐतिहासिक धरोहर और सांस्कृतिक विरासत को आकर्षक ढंग से दर्शाया जाएगा। पार्क में आर्यभट्ट, चाणक्य, सम्राट अशोक, जयप्रकाश नारायण और दशरथ मांझी जैसी महान विभूतियों के प्रेरणादायक प्रसंगों को शामिल किया जाएगा।
साथ ही, नालंदा और विक्रमशिला जैसे ऐतिहासिक विश्वविद्यालयों की स्थापत्य कला, धार्मिक स्थलों, मंदिरों और मकबरों की झलक भी पार्क में देखने को मिलेगी। आगंतुकों के लिए खानपान की सुविधाएं और खेल मैदान की व्यवस्था भी की जाएगी। इसके अलावा, डॉ. राजेन्द्र प्रसाद की स्मृति को समर्पित एक नया भव्य स्मृति परिसर भी विकसित किया जाएगा।
कार्यक्रम में शामिल हुईं कई प्रमुख हस्तियां
शिलान्यास समारोह में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, नगर विकास एवं आवास मंत्री जिबेश कुमार, पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन, पटना की महापौर सीता साहू समेत कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, विकास आयुक्त प्रत्यय अमृत, नगर विकास विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह, विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, पटना प्रमंडल के आयुक्त डॉ. चन्द्रशेखर सिंह, बुडको के प्रबंध निदेशक अनिमेष पराशर, जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. और एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा भी समारोह में उपस्थित थे।