सारण। छपरा–सिवान मुख्य मार्ग पर एनएच-531 के बनवार फ्लाईओवर के पास शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की जान चली गई, जबकि नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास का इलाका अफरा-तफरी से भर गया।
सुबह करीब छह बजे एक तेज रफ्तार ट्रक और पिकअप वाहन की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरा। दुर्घटना में दो पुरुष और एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस उनकी पहचान करने में जुटी हुई है।
हादसे में घायल नौ लोगों को स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एकमा पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए अन्य अस्पतालों में रेफर किया गया है।
घायल लोगों की सूची में जया कुमारी (30, खैरा बाजार), पिंकी कुमारी (20, चैनपुर, गड़खा), अल्पना मंडल (29), लघु कुमार (35, खैरा बाजार), मनु राय (30, खैरा बाजार), विक्की राय (20, खैरा बाजार), चार वर्षीय बच्ची, अनुज कुमार (खैरा बाजार) और कालू कुमार (गड़खा) शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन में सवार सभी लोग सारण जिले के खैरा थाना क्षेत्र से जुड़े एक आर्केस्ट्रा दल के सदस्य थे, जो किसी सांस्कृतिक कार्यक्रम से लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
हादसे के बाद एनएच-531 पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त वाहन के हिस्से और खून के निशान बिखरे पड़े थे। पुलिस ने काफी प्रयासों के बाद वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कराया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।