पटना। खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 का आयोजन पहली बार बिहार में हो रहा है, जिसका उद्घाटन रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया। राजधानी पटना के पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सहित राज्य सरकार के कई मंत्री एवं वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
28 खेलों में भिड़ेंगे 10,000 युवा खिलाड़ी
चार मई से 15 मई तक चलने वाले इस आयोजन में देशभर से लगभग 10,000 खिलाड़ी, कोच, तकनीकी पदाधिकारी और सपोर्ट स्टाफ भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता में 28 खेलों के अलावा ई-स्पोर्ट्स की प्रदर्शनी प्रतियोगिताएं भी होंगी। खेलों का आयोजन पटना, राजगीर, गया, भागलपुर और बेगूसराय जैसे पांच प्रमुख शहरों में किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री ने बिहार की प्रशंसा की, वैभव सूर्यवंशी को सराहा
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल अब देश में एक मजबूत संस्कृति के रूप में उभर रहा है और "खेलो इंडिया" इसके लिए एक सशक्त मंच है। उन्होंने बिहार के युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी की सराहना करते हुए कहा कि उनकी मेहनत और प्रतिभा पूरे राज्य के लिए प्रेरणादायक है। पीएम ने कहा कि बिहार में 'डबल इंजन' की सरकार खेल समेत सभी क्षेत्रों में विकास ला रही है।
खेलों के लिए 4000 करोड़ का बजट, हर जिले में केंद्र
प्रधानमंत्री ने जानकारी दी कि देशभर में एक हजार से अधिक खेलो इंडिया केंद्र संचालित हो रहे हैं, जिनमें से कई बिहार में भी हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि युवाओं को हर स्तर पर अधिक से अधिक खेलने और प्रतिस्पर्धा करने के अवसर मिलें।
नीतीश कुमार बोले- बिहार तेजी से बदल रहा है
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य में खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न योजनाएं लागू की गई हैं और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को सरकारी नौकरी दी जा रही है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बिहार को केंद्र सरकार से भरपूर सहयोग मिल रहा है और राज्य हर क्षेत्र में प्रगति की ओर अग्रसर है।
उपमुख्यमंत्री और खेल मंत्री ने दी शुभकामनाएं
डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि यह गौरव की बात है कि बिहार जैसे राज्य को इतना बड़ा आयोजन करने का अवसर मिला है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि हर वर्ग और समुदाय के बच्चे खेलों में भाग लेकर देश का नाम रोशन करें। खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने भी बिहार की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और वैज्ञानिक पहचान का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य अब खेलों के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
700 से अधिक बिहार के खिलाड़ी होंगे शामिल
इस महोत्सव में बिहार के 700 से अधिक खिलाड़ी विभिन्न खेलों में हिस्सा ले रहे हैं। कार्यक्रम की शुरुआत प्रसिद्ध गायिका मैथिली ठाकुर की देवी स्तुति से हुई, जबकि प्रसिद्ध अभिनेता पंकज त्रिपाठी ने बिहार की गौरवगाथा प्रस्तुत की। आयोजन के दौरान तीन खिलाड़ियों ने जलती हुई मशाल के साथ मैदान का चक्कर लगाया, जो उत्साह का प्रतीक बना।
राज्य में पहली बार हो रहा आयोजन, तैयारियां पूरी
बिहार खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवींद्रन शंकरण ने बताया कि राज्य में पहली बार इस स्तर का आयोजन हो रहा है और यह बिहार के लिए गर्व का विषय है। आयोजन को लेकर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।