पंजाब के तरनतारन जिले में लूट की एक घटना के बाद ग्रामीणों ने तीन संदिग्धों को पकड़ लिया। आरोप है कि ये लोग धारदार हथियार के दम पर राहगीरों को लूटने की वारदातों में शामिल थे। ग्रामीणों ने उन्हें काबू करने के बाद उनके हाथ बांध दिए और ट्रैक्टर के पीछे बांधकर पूरे गांव में घुमाया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया।

जानकारी के मुताबिक, यह घटना मंगलवार शाम विधानसभा क्षेत्र पट्टी के गांव ढोटियां में हुई। गांव के किसान सरबजीत सिंह अपनी बेटी को बस अड्डे तक छोड़ने गए थे। करीब शाम छह बजे जब वह बेटी को बस में बैठाकर मोटरसाइकिल से वापस लौट रहे थे, तभी रास्ते में तीन युवकों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि उन्होंने दातर (धारदार हथियार) दिखाकर उनका मोबाइल फोन और पर्स छीन लिया, जिसमें करीब 1800 रुपये थे।

बताया जाता है कि किसान ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपियों का विरोध किया और शोर मचा दिया। इसके बाद गांव में लाउडस्पीकर के जरिए लोगों को मौके पर पहुंचने की सूचना दी गई। कुछ ही देर में करीब 20 ग्रामीण ट्रैक्टर लेकर वहां पहुंच गए और तीनों आरोपियों को पकड़ लिया।

ग्रामीणों ने पहले उनकी पिटाई की और फिर उनके हाथ बांधकर ट्रैक्टर के पीछे बांध दिया। इसके बाद उन्हें गांव में घुमाया गया। इस दौरान कुछ लोगों ने लाठियों से भी मारपीट की। लगभग दो मिनट से ज्यादा का वीडियो इंटरनेट पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई।

सूचना मिलते ही पुलिस चौकी नौशहरा पन्नुआं के प्रभारी सलविंदर सिंह मौके पर पहुंचे और तीनों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उनके पास से एक दातर भी बरामद किया है।

डीएसपी (आई) जगजीत सिंह चहल के अनुसार, मामले की जांच थाना सरहाली के प्रभारी बिंदरजीत सिंह को सौंपी गई है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान लवदीप सिंह, जगरूप सिंह और गुरप्रीत सिंह के रूप में हुई है, जो सरहाली इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार जगरूप सिंह के खिलाफ पहले भी चोरी और लूट से जुड़े मामले दर्ज हैं। फिलहाल ग्रामीणों द्वारा आरोपियों के साथ की गई मारपीट और ट्रैक्टर से बांधकर घुमाने की घटना की भी जांच की जा रही है।