कौशांबी जिले में गुरुवार देर रात आई तेज आंधी और बारिश ने भारी तबाही मचाई। सदर तहसील क्षेत्र के दूनी का पुरवा मजरा पूरब शरीरा में एक कच्चा मकान अचानक ढह गया, जिसमें एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, ईंट-भट्ठा मजदूर मंगर सरोज की 26 वर्षीय पत्नी माया देवी, उनकी चार साल की बेटी श्वेता और तीन साल का बेटा अनुभव मकान के मलबे में दब गए। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, परिवार का छह वर्षीय बेटा अंकुश गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घटना के समय मंगर सरोज काम के सिलसिले में ईंट-भट्ठे पर गया हुआ था। बताया जा रहा है कि मकान के पास लगा नीम का पेड़ आंधी के दौरान गिर गया, जिससे घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है और ग्रामीण गहरे सदमे में हैं।
इसी तरह एक अन्य घटना में सिराथू तहसील के पहाड़पुर गांव में टीन शेड गिरने से 50 वर्षीय चंद्रभवन पुत्र शुकरु की मौत हो गई। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
तेज आंधी और बारिश के कारण जिले के कई अन्य इलाकों में भी नुकसान की खबरें सामने आई हैं। कहीं मवेशियों की मौत हुई है तो कहीं लोग पेड़ों की डाल और छप्पर गिरने से घायल हुए हैं।
जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल शर्मा ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में राजस्व विभाग की टीमें भेज दी गई हैं। नुकसान का आकलन किया जा रहा है और पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।