अमेठी जिले में गौरीगंज–सुल्तानपुर मार्ग पर गुरुवार रात एक भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। शंकरगंज चौराहे के पास प्याज से लदा एक अनियंत्रित ट्रक पलट गया, जिसकी चपेट में बाइक सवार चार युवक आ गए। इस हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 10 बजे दो बाइक पर सवार चार युवक एक पारिवारिक समारोह में शामिल होकर अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वे त्रिलोकपुर गांव के पास मोड़ पर पहुंचे, उसी समय गौरीगंज की दिशा से आ रहा तेज रफ्तार ट्रक अचानक नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे पलट गया। पलटते ही ट्रक सीधे बाइक सवारों पर गिर गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के बाद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने प्रिंस वर्मा (15), सनी कुमार (25) और राजू वर्मा (24) को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अजीत वर्मा की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
जानकारी के मुताबिक, सभी युवक 27 मई को मुंशीगंज क्षेत्र में अपने रिश्तेदार ओमप्रकाश वर्मा के यहां आयोजित एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे और देर रात वापस लौट रहे थे।
हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद नियंत्रित किया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।