बिहार के मधेपुरा में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें कार सवार चार लोगों के डूबने की आशंका जताई जा रही है। अब तक तीन शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि चौथे व्यक्ति की तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार सभी यात्री ग्वालपाड़ा से मेला देखकर मधेपुरा लौट रहे थे। वे रात करीब 9 बजे स्टेशन चौक से निकले थे। इसी दौरान रात लगभग 1 बजे अरार पुल के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर पुल के पोल तोड़ते हुए नदी में जा गिरी।

मौके पर पहुंची पुलिस और राहत-बचाव कार्य

घटना की सूचना मिलते ही अरार थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। काफी प्रयास के बाद तीन शवों को बाहर निकाला गया है, जबकि चौथे व्यक्ति की तलाश अभी भी जारी है।

मृतकों की पहचान

पुलिस ने अब तक मृतकों की पहचान इस प्रकार की है:

  • घनश्याम कुमार (28) – मधेपुरा स्टेशन चौक, वार्ड-23 निवासी, स्व. विमल यादव के पुत्र
  • अंकित कुमार (26) – सहरसा जिले, बसनही थाना क्षेत्र, मोकमा निवासी, मनोज कुमार के पुत्र
  • वसंत कुमार (23) – सौर बाजार थाना क्षेत्र निवासी, प्रमोद यादव के पुत्र

चौथे व्यक्ति की पहचान अब तक नहीं हो पाई है और उसकी तलाश जारी है।

कार को नदी से बाहर निकाला गया

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को भी नदी से बाहर निकाल लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय प्रशासन लापता व्यक्ति की खोज के लिए प्रयास तेज कर रहा है।