पटना। नीट छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत और पुलिस की प्रेसवार्ता के बाद उठ रहे सवालों ने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है। पूर्व मुख्यमंत्री और राजद नेता राबड़ी देवी ने इस मुद्दे पर राज्य सरकार की कड़ी आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि पूरे मामले में लीपापोती की जा रही है।

सत्ता पक्ष से जुड़े तारों की आशंका
राबड़ी देवी ने कहा कि इस प्रकरण में किसी प्रभावशाली मंत्री या उनके बेटे की संलिप्तता को नकारा नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि मामले को तुरंत सीबीआई के पास भेजना स्थानीय जांच और साक्ष्यों को मिटाने का प्रयास दिखाता है और बड़े नेताओं को बचाने की साजिश का संकेत देता है। राबड़ी देवी ने सवाल उठाया कि आखिर राज्य की जांच एजेंसियों पर भरोसा क्यों नहीं किया जा रहा, क्या इसलिए कि मामला सत्ता के शीर्ष तक पहुंच रहा है?

बजट पर भी कड़ी प्रतिक्रिया
राजनीतिक बयान के साथ ही राबड़ी देवी ने हाल ही में पेश हुए बजट की भी आलोचना की। उनका कहना था कि बजट पूरी तरह दिशाहीन और निराशाजनक है। उन्होंने कहा कि इसमें युवाओं, किसानों और महिलाओं के लिए कोई ठोस योजना नहीं है और यह राज्य की जनता को ठगने जैसा है। राबड़ी देवी ने सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि विशेष राज्य के दर्जे की मांग को भुलाकर केवल अंकगणित का खेल खेला जा रहा है, जिससे राज्य की भलाई नहीं होगी।