मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा के कार्यक्रम में परिवर्तन किया गया है। यह प्रगति यात्रा का चौथा चरण है, जिसमें आंशिक संशोधन किया गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा 6 फरवरी (गुरुवार) को मुंगेर जिला में तय किया गया था, लेकिन अब पूर्व निर्धारित इस कार्यक्रम का समय एक दिन पहले कर दिया गया है। यानी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मुंगेर में प्रगति यात्रा अब गुरुवार को नहीं बल्कि बुधवार को ही होगी। प्रगति यात्रा के शेष कार्यक्रम यथावत रहेंगे। इस बात की सूचना अपर सचिव सुमन कुमार ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए दी है।
सर्दी-जुकाम और बुखार से थे पीड़ित
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अचानक तबीयत खराब होने के संबंध में बताया जा रहा है कि उन्हें सर्दी-जुकाम और हल्का बुखार हुआ था। हालांकि अभी स्थिति सामान्य है। 26 जनवरी के दोपहर में उनके रविवार वाले सारे कार्यक्रमों को इसी वजह से अचानक रद्द कर दिया गया था। मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा के कार्यक्रम में इसी वजह से बदलाव हुआ। सोमवार को उन्हें पूर्णिया जाना था लेकिन पूर्णिया अब वह मंगलवार को जाएंगे।
गणतंत्र दिवस के दिन अचानक हुई थी तबीयत ख़राब
26 जनवरी को अचानक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तबीयत खराब हो गयीं थी। इस वजह से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सारे कार्यक्रम रद्द कर दिए गये थे। इसी वजह से सोमवार से निर्धारित उनकी प्रगति यात्रा में भी बदलाव की जानकारी सामने आयी थी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 27 जनवरी को पूर्णिया और 28 जनवरी को कटिहार जाने वाले थे और दोनों रात मधेपुरा में ठहरने के बाद 29 जनवरी को मधेपुर में कई योजनाओं का शुभारंभ और शिलान्यास कर वापस पटना लौटने वाले थे। लेकिन अब पूर्व के कार्यक्रम में आंशिक बदलाव किया गया है। अब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 28 जनवरी यानी मंगलवार को पूर्णिया जाएंगे। फिर अगले दिन बुधवार यानी 29 जनवरी को कटिहार जाएंगे और फिर 30 जनवरी यानी गुरूवार को मधेपुरा जाएंगे। पूर्व के कार्यक्रम के अनुसार 27 और 28 जनवरी को उनका ठहराव मधेपुरा में होना था लेकिन अब वह तीनों दिन कार्यक्रम को समाप्त करने के बाद वापस पटना लौट जाएंगे।