सासाराम (रोहतास)। बालू तस्करों का हौसला एक बार फिर कानून व्यवस्था पर भारी पड़ता नजर आया है। शनिवार सुबह नगर थाना क्षेत्र में नो-एंट्री नियम लागू होने के बावजूद बालू लदे ट्रैक्टर ने ट्रैफिक पुलिसकर्मी को कुचल दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, एसपी जैन कॉलेज मोड़ के पास ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी के दौरान सिपाही मुकेश कुमार नो-एंट्री में प्रवेश कर रहे बालू लदे ट्रैक्टर को रोकने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान चालक ने वाहन नहीं रोका और उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। घायल सिपाही को तुरंत सासाराम सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना की जानकारी मिलते ही जांच शुरू कर दी गई है और फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है। एसपी रौशन कुमार ने भी घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नो-एंट्री नियमों का उल्लंघन और बालू माफिया की मनमानी लंबे समय से जारी है, जिससे पुलिसकर्मियों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में पुलिस पर ऐसे हमले बढ़ते देखे जा रहे हैं। दो दिन पहले नवादा जिले में छापेमारी के दौरान एक एएसआई पर ट्रैक्टर चढ़ाने की घटना सामने आई थी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।