बोटाद (गुजरात)। रानपुर के किनारा चौकड़ी के पास शनिवार रात को एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से ईको कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई और चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी मृतक और घायल मध्य प्रदेश के रहने वाले थे और वे कृषि कार्य के सिलसिले में गुजरात जा रहे थे।
पुलिस के अनुसार, शाजापुर जिले की नलखेड़ा तहसील के पनाला गांव के लोग बोटाद के कुंडलि गांव जा रहे थे। धंधुका की ओर जाने वाले हाईवे पर, वाहन लगभग दो किलोमीटर आगे ट्रक से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और कुछ यात्रियों के शव सड़क पर गिर गए। वहीं, कई लोग कार के अंदर फंस गए।
स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत मदद की और फंसे लोगों को बाहर निकाला। पालियाड, रानपुर और नगनारे से एंबुलेंस बुलाकर घायलों को बोटाद अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।