हाजीपुर। वैशाली जिले में एक कुख्यात अपराधी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो में आरोपी ने बिहार पुलिस और मुख्यमंत्री को खुलेआम चुनौती देते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो में सर्वेश कुमार चौधरी खुद को संबोधित करते हुए सीएम और पुलिस प्रशासन पर तीखी टिप्पणी करता नजर आ रहा है। वीडियो में वह कहता है कि यदि पुलिस बिना जांच के उसके घर पहुंची तो वह बिकरू कांड जैसी घटना को अंजाम देने से पीछे नहीं हटेगा। साथ ही उसने मुख्यमंत्री और प्रशासन को लेकर भी आपत्तिजनक बयान दिए हैं।
वीडियो में आरोपी यह भी दावा करता है कि वह किसी भी कार्रवाई का जवाब देने में सक्षम है और बिहार में शराबबंदी कानून को लेकर भी विवादित टिप्पणी करता दिख रहा है। उसके बयान सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहे हैं, जिसके बाद स्थानीय प्रशासन अलर्ट हो गया है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार सर्वेश चौधरी के खिलाफ लूट, हत्या और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं। वह पहले भी पुलिस पर हमले और फायरिंग जैसी घटनाओं में शामिल रह चुका है।
वीडियो सामने आने के बाद वैशाली एसपी के निर्देश पर पुलिस टीमों ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है और जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
सदर-2 एसडीपीओ के अनुसार, वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ नए सिरे से प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।