नई दिल्ली। कथित परीक्षा अनियमितताओं, बार-बार सामने आ रहे पेपर लीक और छात्रों से जुड़े मुद्दों पर जवाबदेही तय करने की मांग को लेकर युवा नेतृत्व वाले संगठन कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने शनिवार को एक बार फिर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया। यह संगठन का दूसरा बड़ा विरोध प्रदर्शन था, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र और समर्थक शामिल हुए।

प्रदर्शन स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और पुलिस बल की भारी तैनाती रही। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही और छात्रों के हितों की सुरक्षा की मांग उठाई। इस दौरान छात्रों ने जमकर नारेबाजी की और परीक्षा संचालन व्यवस्था पर सवाल खड़े किए।

थाली-चम्मच बजाकर जताया विरोध

कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने प्रदर्शन से पहले समर्थकों से थाली और चम्मच लेकर आने की अपील की थी। इसी के तहत बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी थालियां और चम्मच लेकर पहुंचे और उन्हें बजाकर प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराया।

पीएम को लिखा खुला पत्र

इस प्रदर्शन से पहले अभिजीत दीपके ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक खुला पत्र भी लिखा था, जिसमें उन्होंने परीक्षा व्यवस्था में गड़बड़ियों पर जिम्मेदारी तय करने की मांग की। संगठन की ओर से केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग लगातार की जा रही है।

परीक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

20 जून को हुए इस प्रदर्शन को जंतर-मंतर पर पहले किए गए आंदोलन की अगली कड़ी माना जा रहा है। संगठन का कहना है कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक और परीक्षा में अनियमितताओं के मामलों ने लाखों छात्रों के भविष्य को प्रभावित किया है।

प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी और मजबूत बनाया जाए तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।