बिहार में जारी वोटर अधिकार यात्रा में शनिवार को झारखंड सरकार के कई मंत्री शामिल हुए। इस दौरान कांग्रेस के राहुल गांधी, राजद के तेजस्वी यादव और भाकपा (माले) महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य सहित विपक्षी दलों के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।
कटिहार जिले के कुर्सेला शहीद स्मारक चौक से शुरू हुई इस यात्रा में झारखंड की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, मंत्री दीपिका सिंह पांडेय और मंत्री इरफान अंसारी शामिल हुए। यात्रा के दौरान नेताओं ने कोढ़ा प्रखंड में मखाना उत्पादन से जुड़े मजदूरों की समस्याएं सुनीं।
कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि वोट के अधिकार की रक्षा के लिए जनता सड़कों पर उतर रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की कार्यशैली से लोगों में असंतोष है और जनता अपने लोकतांत्रिक अधिकारों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। किसी भी स्थिति में वोट के अधिकार को छीना नहीं जाएगा।
वहीं मंत्री दीपिका सिंह पांडेय और इरफान अंसारी ने कहा कि बिहार की जनता एनडीए सरकार से नाराज़ है और अब बदलाव चाहती है। उन्होंने दावा किया कि झारखंड की तरह बिहार में भी इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी।