बस्तर में ‘लाल आतंक’ को करारा झटका: अलग-अलग जिलों में 67 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण

छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में नक्सलवाद के खिलाफ सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। हरेली तिहार के अवसर पर बस्तर के विभिन्न जिलों में कुल 67 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया। इन पर कुल 2 करोड़ 54 लाख रुपये का इनाम घोषित था। आत्मसमर्पण करने वालों में कई महिलाएं और शीर्षस्तरीय कैडर भी शामिल हैं।

कांकेर में 13 नक्सलियों ने हथियार डाले, जिनमें 5 महिलाएं भी शामिल हैं। इनमें एक नाम कंपनी कमांडर मंगलू उर्फ रूपेश कोमरा और उत्तर बस्तर डिवीजन का कमांडर इन चीफ मैनू नेगी का भी है। इन सभी पर कुल 62 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

नारायणपुर जिले में आठ इनामी नक्सलियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया। इन पर 33 लाख रुपये का इनाम था और चार महिलाएं भी इन आत्मसमर्पित नक्सलियों में शामिल रहीं। प्लाटून 16 के कमांडर कमलेश और डॉक्टर टीम के सदस्य सुखलाल भी इन नामों में शामिल हैं, जो वर्षों से अबूझमाड़ क्षेत्र में सक्रिय थे।

दंतेवाड़ा जिले में 16 नक्सलियों ने ‘लोन वर्राटू’ (घर वापस आइए) अभियान के तहत सरेंडर किया, जिनमें एक नक्सली दंपति भी शामिल है। इनमें से पांच पर कुल 17 लाख रुपये का इनाम था। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आत्मसमर्पण करते हुए नक्सलियों ने लोकतंत्र में आस्था जताई और हिंसा छोड़ने का संकल्प लिया। इस अभियान के तहत अब तक 1,020 नक्सली मुख्यधारा में लौट चुके हैं, जिनमें 824 पुरुष और 196 महिला माओवादी हैं।

सुकमा जिले में भी जगरगुंडा और चिंतलनार इलाकों में सक्रिय पांच नक्सलियों ने सरेंडर किया। उन्होंने ‘पूना मारगेम’ और पुनर्वास नीति से प्रेरित होकर आत्मसमर्पण का रास्ता चुना। सभी को प्रोत्साहन राशि व पुनर्वास योजना का लाभ दिया जाएगा।

बीजापुर में सबसे अधिक 25 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया, जिनमें एसजेडसीएम, डीवीसीएम, एसीएम, एलओएस सदस्य और जनताना सरकार के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष जैसे वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हैं। इन पर कुल 1 करोड़ 15 लाख रुपये का इनाम था। प्रशासन का मानना है कि यह समर्पण पुनर्वास नीति, सुरक्षा शिविरों की स्थापना और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रभावशीलता का परिणाम है।

फैक्ट फाइल

  • बीजापुर: 25 नक्सलियों का सरेंडर, जिनमें 25 लाख का इनामी एसजेडसीएम शामिल
  • दंतेवाड़ा: 16 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया, जिनमें 5 पर 17 लाख रुपये का इनाम
  • सुकमा: 5 नक्सलियों ने सरेंडर किया
  • कांकेर: 13 नक्सलियों ने सरेंडर किया, जिनमें 62 लाख के इनामी और 5 महिला नक्सली शामिल
  • नारायणपुर: 8 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया, जिन पर कुल 33 लाख का इनाम

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here