छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राज्य की उभरती खेल प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के हर खिलाड़ी को उसकी मेहनत, लगन और काबिलियत के अनुसार जरूरी संसाधन, अवसर और मंच उपलब्ध कराया जाएगा ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन कर सकें।
मुख्यमंत्री ने महासमुंद जिले की नवोदित तीरंदाज नवलीन कौर को आगामी राष्ट्रीय खेलों के लिए क्वालिफाई करने पर बधाई दी है। नवलीन ने हाल ही में राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता था और अब नेशनल गेम्स में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगी।
संघर्ष को बनाया ताकत
सीएम साय ने कहा कि नवलीन जैसी होनहार खिलाड़ी सरकार से हरसंभव सहयोग की हकदार हैं। जन्म से ही स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों से जूझती आ रहीं नवलीन ने कभी हार नहीं मानी। उन्होंने अपनी कमजोरियों को ताकत में बदला और तीरंदाजी को अपना जीवन लक्ष्य बना लिया। फरवरी 2025 में हुए राज्य स्तरीय टूर्नामेंट में गोल्ड मेडल जीतकर उन्होंने साबित किया कि कठिन परिस्थितियाँ भी दृढ़ इच्छाशक्ति और मेहनत के सामने छोटी पड़ जाती हैं।
बचपन से संघर्ष, अब सफलता की राह पर
महासमुंद के बागबाहरा की निवासी नवलीन, अरविंद और रंजीत कौर छाबड़ा की बेटी हैं। उनका जन्म गर्भावस्था के सातवें महीने में हुआ था, जिससे बचपन में उन्हें स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ा। परिवार और समाज की जिज्ञासाओं से कभी-कभी हतोत्साहित होने वाली नवलीन ने इन सवालों को चुनौती के रूप में लिया और खुद को खेल के माध्यम से एक नई दिशा में ढाला।
तीरंदाजी में जिले की पहली महिला प्रतिनिधि
नवलीन ने वर्ष 2018 में बागबाहरा से कुछ किलोमीटर दूर बिहाझर बालाश्रम में तीरंदाजी का प्रशिक्षण शुरू किया। जल्द ही वे महासमुंद जिले की पहली महिला तीरंदाज बन गईं। स्कूली शिक्षा के दौरान उन्होंने दो बार राज्य स्तर पर पदक हासिल किए और राष्ट्रीय स्तर पर चौथा स्थान प्राप्त किया। वर्ष 2023 में उन्होंने गुजरात में आयोजित एफजीएफआई प्रतियोगिता में राज्य का प्रतिनिधित्व किया और सीनियर स्तर पर भी रजत पदक जीता।
अंतरराष्ट्रीय पदक की तैयारी में जुटीं नवलीन
नवलीन का सपना है कि वे एक दिन भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतें। अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं में प्रयोग होने वाले कंपाउंड बो की जरूरत को देखते हुए उनके परिवार ने उन्हें आधुनिक कंपाउंड धनुष दिलाया है। सिटी ओपन चैंपियनशिप में इस नए धनुष से खेलते हुए उन्होंने बालिका वर्ग में पहला स्थान प्राप्त किया। फिलहाल वे कोच एवन साहू और खेल अधिकारी मनोज धृतलहरे के मार्गदर्शन में लगातार अभ्यास कर रही हैं।