छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां दोस्तों के साथ घूमने गए एक युवक की 35 फीट ऊंचे पुल से नदी में कूदने के बाद मौत हो गई। करीब 23 घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF/DDRF) की टीम ने उसका शव बरामद किया।
यह मामला धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र का है। मृतक की पहचान छाल क्षेत्र के हाटी गांव निवासी जयसिंह अगरिया के रूप में हुई है।
दोस्तों के साथ घूमने गया था युवक
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह जयसिंह अपने दो दोस्तों पिंटू निषाद और हीरालाल के साथ अंबेटिकरा घूमने गया था। इस दौरान सभी मांड नदी में नहा रहे थे। इसी बीच जयसिंह ने पास के पुल से छलांग लगाने की बात कही और अपने एक दोस्त से वीडियो बनाने को कहा।
दोस्तों ने उसे ऐसा करने से रोका भी, लेकिन वह नहीं माना और 35 फीट ऊंचे पुल से नदी में कूद गया। कूदने के बाद वह पानी से बाहर नहीं निकल सका।
तलाश के बाद मिला शव
घटना के बाद दोस्तों ने आसपास खोजबीन की और फिर परिजनों व पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और गोताखोरों की टीम ने युवक की तलाश शुरू की, लेकिन देर शाम तक सफलता नहीं मिली।
अगले दिन सुबह से SDRF टीम ने फिर से सर्च ऑपरेशन चलाया और करीब 23 घंटे की मशक्कत के बाद युवक का शव बरामद किया।
गांव में मातम, पुलिस जांच जारी
शव मिलने के बाद मौके पर भारी भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस घटना से परिजनों में गहरा शोक है और पूरे गांव में मातम का माहौल बना हुआ है।