रायगढ़। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर देशभर में लोगों ने अपने-अपने गुरुजनों को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया और उनके मार्गदर्शन के प्रति आभार व्यक्त किया। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायगढ़ जिले के ग्राम बनोरा स्थित अघोरगुरुपीठ पहुंचकर गुरु दर्शन किए।

मुख्यमंत्री ने आश्रम के उपासना स्थल में विराजमान अघोरेश्वर अवधूत भगवान राम की प्रतिमा के समक्ष प्रदेशवासियों की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए लिखा, "गुरुर्ब्रह्मा गुरुर्विष्णुः गुरुर्देवो महेश्वरः। गुरुः साक्षात् परं ब्रह्म तस्मै श्री गुरवे नमः॥"

https://twitter.com/vishnudsai/status/1943253697599017097

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आश्रम में अघोरेश्वर अवधूत भगवान राम के शिष्य प्रियदर्शी भगवान राम से भी भेंट की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान प्रदेश के वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी, लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, विधायक पुरंदर मिश्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।