उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के नगीना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां कथित तौर पर “झूठी शान” के चलते एक पिता ने अपनी ही नाबालिग बेटी की जान ले ली। आरोप है कि बेटी के प्रेम संबंधों से नाराज होकर पिता ने तड़के सोते समय उसका गला दबाकर हत्या कर दी।

पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

सुबह मिली सूचना, घर में मिला शव

थाना क्षेत्र के ग्राम बिन्जाहेड़ी से बुधवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति ने अपनी बेटी की हत्या कर दी है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो 17 वर्षीय किशोरी अपने घर में मृत अवस्था में पाई गई।

पुलिस क्षेत्राधिकारी Rajesh Kumar Solanki ने बताया कि पूछताछ में आरोपी पिता ने यह स्वीकार किया कि उसने सुबह करीब चार बजे सोते समय बेटी का गला दबाकर उसकी हत्या की।

प्रेम संबंध को लेकर था विवाद

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती का गांव के ही एक युवक से प्रेम संबंध था, जिससे परिवार नाराज था। परिजनों द्वारा कई बार समझाने के बावजूद जब स्थिति नहीं बदली, तो पिता ने यह खौफनाक कदम उठा लिया।

जानकारी के अनुसार आरोपी नजाकत के छह बच्चे हैं, जिनमें पांच बेटियां और एक बेटा शामिल है। मृतका परिवार की सबसे बड़ी संतान थी। आरोपी पिता बाहर एक बेकरी पर काम करता है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

वहीं मृतका के मामा की ओर से तहरीर देने की तैयारी की जा रही है, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।