बदरीनाथ धाम के कपाट कल, 23 अप्रैल को सुबह 6 बजकर 15 मिनट पर श्रद्धालुओं के लिए विधिवत रूप से खोल दिए जाएंगे। कपाट उद्घाटन से पहले प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज केदारनाथ धाम में दर्शन करने के बाद बदरीनाथ धाम पहुंचे, जहां वे कपाट खुलने की विशेष पूजा में शामिल होंगे।
बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने जानकारी दी कि कपाट खोलने की प्रक्रिया गुरुवार सुबह 4:30 बजे से शुरू हो जाएगी। इस पावन अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी सहित कई विशिष्ट अतिथि मौजूद रहेंगे।
कपाट उद्घाटन से पहले पांडुकेश्वर से भगवान उद्धव, कुबेर और शंकराचार्य की गद्दी विधिवत रूप से बदरीनाथ धाम पहुंच गई है। इस दौरान पूरे क्षेत्र में “जय बदरी विशाल” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
इधर, मंदिर को भव्य रूप से सजाने का कार्य भी जारी है। बदरी-केदार पुष्प सेवा समिति, ऋषिकेश के सहयोग से मंदिर को करीब 25 कुंतल फूलों से अलंकृत किया जा रहा है।
धाम में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान के दौरान रावल अमरनाथ नंबूदरी, बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, धर्माधिकारी स्वयंबर सेमवाल, वेदपाठी आचार्य रविंद्र भट्ट, नायब रावल सूर्य राग नंबूदरी और कुबेर देवरा समिति के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।