दिल्ली। रोहिणी सेक्टर-32 में खुले नालों और मैनहोल की लापरवाही ने फिर से लोगों के लिए खतरनाक हालात उजागर कर दिए। पिछले दो दिनों में बिरजू की मौत के बाद अब करीब 200 मीटर दूर एक युवक उसी तरह खुले नाले में गिर गया। हालांकि इस बार वह खुद और आसपास मौजूद लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकल पाया, लेकिन उसके हाथ-पैर में चोटें आईं।
घटना बृहस्पतिवार की रात हुई, जब युवक अपनी पत्नी के साथ साप्ताहिक बाजार में सब्जी खरीदने आया था। नाले के स्लैब टूटे होने के कारण अंधेरे में वह सीधे नाले में गिर गया। पत्नी ने शोर मचाया और आसपास के लोग घटना स्थल पर पहुंचे। नाले में फंसे युवक ने लोहे के एंगल को पकड़कर खुद ही बाहर निकलने की कोशिश की। लोगों ने मिलकर उसे बाहर निकाला।
इस दौरान घटना का वीडियो किसी ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जिससे तुरंत डीडीए अधिकारियों में हलचल मच गई। शुक्रवार को अधिकारी का निरीक्षण करने पहुंचे और सुरक्षा के लिए घेराबंदी करवा दी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दिल्ली के कई इलाकों में इस तरह की लापरवाही आम है। हादसा होने पर ही विभाग की प्रतिक्रिया आती है, जबकि पहले से ही इन खामियों को सुधारने पर ध्यान नहीं दिया जाता।
यह घटना यह दर्शाती है कि खुले नाले और मैनहोल शहरवासियों के लिए लगातार खतरा बने हुए हैं, और समय रहते सुधारात्मक कदम उठाना कितना जरूरी है।