नई दिल्ली: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दीपावली के मौके पर राजधानीवासियों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि कर्तव्य पथ पर आयोजित दीपोत्सव नई भारत की संकल्प शक्ति और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का प्रतीक है। लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा, यह पावन पर्व आपके जीवन में सुख, समृद्धि और रिद्धि-सिद्धि की अमर धारा प्रवाहित करे। आपके घर-आंगन में आनंद, स्नेह और सौभाग्य का स्थायी निवास हो।

सीएम ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा कि दीपावली अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाने वाला पर्व है, जो जीवन में नई ऊर्जा का संचार करता है। उन्होंने मां लक्ष्मी और भगवान गणेश से सभी के जीवन में समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

इस वर्ष की दीपावली दिल्ली के लिए विशेष रही। कर्तव्य पथ पर भव्य 'दिव्य दीपोत्सव' आयोजित किया गया, जो पर्यावरण अनुकूल 'ग्रीन पटाखों' के साथ मनाया गया। लाखों दीपों से जगमगाए इस मार्ग ने आस्था और आधुनिकता का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया।

सीएम रेखा ने कहा, "हर दिन मंगलमय हो, प्रत्येक प्रयास सफल हो और जीवन में शांति, प्रेम और प्रगति बनी रहे। मां लक्ष्मी की कृपा और प्रभु श्रीराम व माता सीता का आशीर्वाद आप सभी के जीवन को प्रकाशमान बनाए।"