वाराणसी। अखरी चौकी क्षेत्र के अखरी गांव के सामने मंडीरियन होटल के पास सर्विस रोड पर देर रात दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में दोनों बाइक सवार युवकों की मौत हो गई, जबकि पीछे बैठे दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
जानकारी के अनुसार, खुरमाबाद थाना क्षेत्र के निवासी आलोक श्रीवास्तव अपने साथी सूरज यादव के साथ अपाचे बाइक से डाफी की ओर जा रहे थे। वहीं दूसरी ओर अखरी निवासी राहुल उर्फ काजू पटेल अपने रिश्तेदार अनिकेत पटेल के साथ घर लौट रहे थे।
मंडीरियन होटल के पास दोनों बाइकों की टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल में दोनों को मृत घोषित किया गया
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची अखरी चौकी पुलिस ने सभी घायलों को ट्रामा सेंटर भेजा, जहां डॉक्टरों ने आलोक श्रीवास्तव और राहुल उर्फ काजू पटेल को मृत घोषित कर दिया। वहीं सूरज यादव और अनिकेत पटेल का इलाज जारी है, जिनमें सूरज की हालत नाजुक बताई जा रही है।
शादी, परिवार और खुशी सब मातम में बदले
हादसे में जान गंवाने वाले राहुल पटेल हाल ही में पिता बने थे। उनकी पत्नी को प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती कराने के बाद वह घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। बच्चे के जन्म की खुशी परिवार तक पहुंची भी नहीं थी कि पिता की मौत की खबर आ गई।
दूसरी ओर, आलोक श्रीवास्तव निजी क्लिनिक में काम करते थे और इस वर्ष फरवरी में ही उनकी शादी हुई थी। वह अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे, जिससे परिवार पर गहरा दुख छा गया है।
पुलिस जांच जारी
थाना प्रभारी राजू सिंह ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और दुर्घटना में शामिल वाहनों को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है।