प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को बुराड़ी स्थित डीडीए ग्राउंड में 33,500 करोड़ रुपये की मेट्रो और आवासीय परियोजनाओं की सौगात दी। इस अवसर पर उन्होंने पिंक और मजेंटा लाइन के नए मेट्रो कॉरिडोर का उद्घाटन किया और तीन नए मेट्रो कॉरिडोर का शिलान्यास भी किया। कार्यक्रम में दिल्ली भाजपा की 42 महिला मंडल अध्यक्षों ने उनका स्वागत किया।

महिला दिवस पर मेट्रो परियोजनाओं की सौगात

प्रधानमंत्री को पिंक लाइन के मजलिस पार्क-मौजपुर कॉरिडोर और मजेंटा लाइन के दीपाली चौक-मजलिस पार्क कॉरिडोर की तैयारियों और लाभ के बारे में जानकारी दी गई। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर पीएम मोदी न सिर्फ महिलाओं को आशीर्वाद दे रहे हैं, बल्कि 18,000 करोड़ रुपये से अधिक की मेट्रो परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि मेट्रो परियोजनाओं से करावल नगर, भजनपुरा और अन्य क्षेत्रों में कनेक्टिविटी बेहतर होगी, और तीन नए कॉरिडोर दिल्ली के विकास को और गति देंगे।

दिल्ली सरकार की उपलब्धियां

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार ने पिछले एक वर्ष में आयुष्मान योजना, कूड़े के पहाड़ हटाने, 70 अटल कैंटिन और लाडली योजना जैसी कई योजनाओं को प्राथमिकता दी। उन्होंने यह भी बताया कि 50 वर्षों बाद नया मास्टर ड्रेनेज प्लान तैयार किया गया और 70,000 स्मार्ट क्लासेस स्कूलों में शुरू की गईं।

33,500 करोड़ की मेट्रो और आवासीय परियोजनाएं

प्रधानमंत्री ने पिंक लाइन पर मजलिस पार्क-मौजपुर-बाबरपुर (12.3 किमी) और मजेंटा लाइन पर दीपाली चौक-मजलिस पार्क (9.9 किमी) कॉरिडोर का उद्घाटन किया। इन कॉरिडोरों से बुराड़ी, जगतपुर, भजनपुरा, यमुना विहार, मधुबन चौक और हैदरपुर समेत कई क्षेत्रों की मेट्रो कनेक्टिविटी बेहतर होगी।

तीन नए मेट्रो कॉरिडोरों का शिलान्यास भी किया गया, जिनमें आरके आश्रम मार्ग-इंद्रप्रस्थ, एरोसिटी-आईजीआई एयरपोर्ट टर्मिनल-1 और तुगलकाबाद-कालिंदी कुंज शामिल हैं। इनकी कुल लंबाई 16.10 किलोमीटर है और इससे फरीदाबाद, नोएडा और दक्षिणी दिल्ली से एयरपोर्ट तक आसान पहुंच सुनिश्चित होगी।

देश में तेजी से बढ़ा मेट्रो नेटवर्क

केंद्रीय आवासन एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल ने बताया कि दिल्ली में मेट्रो नेटवर्क अब 500 किमी से अधिक हो गया है और यह दिल्लीवासियों की जीवनरेखा बन चुकी है। मेट्रो की वजह से समय की बचत होती है, प्रदूषण कम होता है और महिलाओं के लिए सुरक्षित कोच उपलब्ध हैं।

आवास और कनेक्टिविटी पर जोर

प्रधानमंत्री ने सरोजनी नगर जीपीआरए आवासीय योजना का दौरा किया और महिला आवंटियों को चाबी सौंपा। उन्होंने महिला श्रमजीवियों के साथ संवाद किया और इस योजना के आधुनिक और स्व-वित्तपोषित मॉडल के बारे में जानकारी ली।

उन्होंने यह भी बताया कि मेट्रो स्टेशन के 500 मीटर के दायरे में आवास उपलब्ध कराने और लास्ट माइल कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे एनसीआर में आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।