उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के राजघाट थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां राप्ती नदी में नहाने गए तीन किशोरों की डूबने से मौत हो गई। देर शाम तक चले एनडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों के संयुक्त सर्च ऑपरेशन के बाद तीनों के शव एक-एक कर बरामद कर लिए गए। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल फैल गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, तुर्कमानपुर निवासी सुनील का बेटा निक्कू (15), मोहन का बेटा सत्ती (15) और फखरुद्दीन का बेटा इरफान (15) मंगलवार को राप्ती नदी में नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान तीनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। देखते ही देखते यह हादसा हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू कराया गया। एसडीएम सदर दीपक गुप्ता ने घटनास्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी की और एनडीआरएफ टीम को तेजी से सर्च अभियान चलाने के निर्देश दिए। अभियान के दौरान सबसे पहले निक्कू और सत्ती के शव बरामद किए गए, जबकि तीसरे किशोर इरफान का शव देर शाम तक की तलाश के बाद नदी से निकाला गया।

तीनों किशोरों की मौत की पुष्टि होते ही उनके घरों में कोहराम मच गया। पूरे तुर्कमानपुर क्षेत्र में मातम छा गया और मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।