जालंधर। सुच्ची पिंड इलाके में मंगलवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई जब जिम से लौट रहे 18 वर्षीय युवक पर बाइक सवार बदमाशों ने अचानक फायरिंग कर दी। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। घायल की पहचान अनमोल के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, अनमोल गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी, लदेवाली रोड स्थित जिम में वर्कआउट करने के बाद अपनी स्विफ्ट कार से घर लौट रहा था। जैसे ही वह सुच्ची पिंड के पास पहुंचा, तभी बाइक पर सवार दो हमलावर उसकी कार के सामने आकर रुके और बिना किसी चेतावनी के गोलियां चलानी शुरू कर दीं।

हमले के दौरान एक गोली अनमोल के गले के पास लगी, जबकि दूसरी गोली उसकी कार में जा धंसी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। गोली लगते ही अनमोल सड़क पर गिर पड़ा और खून से लथपथ हो गया।

करीब दो मिनट बाद उसके साथी मौके पर पहुंचे और तुरंत उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई है।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से दो खाली कारतूस बरामद किए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

डीसीपी इन्वेस्टिगेशन मनप्रीत सिंह ढिल्लों ने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। शुरुआती जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा माना जा रहा है, हालांकि अन्य पहलुओं पर भी जांच जारी है।