उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 1 जून को लोकभवन में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विभिन्न बोर्डों के राज्य स्तरीय मेधावियों को सम्मानित करेंगे। इस अवसर पर चयनित सर्वोच्च 10 छात्रों को एक-एक लाख रुपये का चेक, टैबलेट, प्रशस्ति पत्र और मेडल प्रदान किया जाएगा।

इसके अलावा जिला स्तर पर भी मेधावियों को सम्मानित किया जाएगा, जहां प्रत्येक जिले के शीर्ष 10 छात्रों को 21-21 हजार रुपये की राशि, प्रशस्ति पत्र और मेडल दिए जाएंगे।

माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. महेंद्र देव द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, राज्य स्तरीय कार्यक्रम में यूपी बोर्ड, सीबीएसई, सीआईएसई और संस्कृत शिक्षा परिषद के कुल 223 मेधावी छात्रों को सम्मानित किया जाएगा। वहीं, जिला स्तर पर 1459 विद्यार्थियों को सम्मानित किए जाने की योजना है। राज्य स्तरीय समारोह में छात्रों के साथ उनके एक-एक अभिभावक को भी शामिल होने की अनुमति दी गई है।

निदेशक ने सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों (DIOS) को निर्देश दिए हैं कि राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिला मुख्यालयों पर सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, उन्होंने कहा है कि सभी जिलों में कार्यक्रम के दौरान किसी मंत्री या जनप्रतिनिधि की उपस्थिति भी सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मेधावियों को दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि सीधे उनके बैंक खातों में कोषागार के माध्यम से स्थानांतरित की जाएगी।