मुजफ्फरनगर। चर्चित विकसित उर्फ रॉकी हत्याकांड में पुलिस को एक और अहम सफलता मिली है। मामले में फरार चल रहे चौथे आरोपी शुभम पुत्र हरेंद्र निवासी कादीपुर को सिखेड़ा थाना पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद पुलिस ने उसे घायल अवस्था में काबू कर लिया।
जानकारी के अनुसार गुरुवार रात करीब 9 बजे सीओ नई मंडी राजू कुमार साव को सूचना मिली थी कि हत्याकांड में वांछित आरोपी शुभम इलाके में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने भिक्की-भंडूर मार्ग पर बेहड़ा अस्सा कट के पास घेराबंदी कर दी।
पुलिस ने आरोपी को रुकने और आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन वह बाइक से भागने लगा। इसी दौरान उसकी बाइक फिसलकर गिर गई। इसके बाद आरोपी ने कथित रूप से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और खेतों की ओर भागने का प्रयास किया।
पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की, जिसमें शुभम के पैर में गोली लग गई और वह मौके पर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे तत्काल गिरफ्तार कर लिया।
मौके से हथियार बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस ने मौके से 315 बोर का तमंचा, कारतूस, खोखा और बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की है। घटना के बाद फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
पूछताछ में बड़े खुलासे का दावा
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने रॉकी हत्याकांड में अपनी भूमिका स्वीकार की है। उसने बताया कि हत्या के बाद शव को छिपाने की पूरी योजना में वह शामिल था और उसके खेत में ही शव को दफनाया गया था।
आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि शव को ठिकाने लगाने के लिए गड्ढा उसी ने खुद खुदवाया था।
अस्पताल में भर्ती, जांच जारी
गिरफ्तारी के बाद घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पुलिस सुरक्षा में उसका इलाज चल रहा है। अधिकारियों के अनुसार, इस गिरफ्तारी से मामले की कई महत्वपूर्ण कड़ियां जुड़ने की संभावना है और आगे और खुलासे हो सकते हैं।
मुठभेड़ में सिखेड़ा थाना पुलिस टीम के कई अधिकारी और जवान शामिल रहे।