नई दिल्ली। राजधानी के उच्च शिक्षा संस्थानों की आधारभूत सुविधाओं पर एक बार फिर चिंता व्यक्त की जा रही है। बुधवार को दयाल सिंह कॉलेज में कक्षा चल रही थी, तभी पोर्टा केबिन क्लासरूम की जिप्सम पैनल की छत अचानक गिर गई। हादसे में किसी छात्र या शिक्षक के घायल होने की सूचना नहीं है।

कॉलेज के प्राचार्य वीके पालीवाल ने बताया कि यह घटना पुराने ढांचे के कारण हुई। उन्होंने कहा कि कई कक्षाएं अस्थायी पोर्टा केबिन में संचालित हो रही हैं, जिनकी स्थिति का आकलन करना मुश्किल है। प्रशासन इस समय बुनियादी ढांचे के सुधार के लिए कई प्रयास कर रहा है और संबंधित समझौते भी किए जा चुके हैं।

छात्रों ने बताया कि यह हादसा बीए इतिहास छठे सेमेस्टर की कक्षा, कमरे नंबर 36 में हुआ। उनका कहना है कि लाइब्रेरी के पीछे स्थित यह कक्ष पहले से ही जर्जर था और कई अन्य पोर्टा केबिन भी इसी हालत में हैं। शिक्षकों ने भी कहा कि बढ़ती छात्र संख्या के मुकाबले कॉलेज की इमारतें कमजोर हैं और नए भवन निर्माण की योजनाएं लंबे समय से लंबित हैं।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने इस घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि छात्रों की सुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कॉलेज प्रशासन 10 दिन के भीतर सभी कक्षाओं की मरम्मत नहीं करता है, तो छात्रों का बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा।