दिल्ली में गुरुवार सुबह पुलिस और लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गिरोह के दो शूटरों को दबोच लिया। पकड़े गए दोनों आरोपी पश्चिम विहार और विनोद नगर इलाके में हाल ही में हुई फायरिंग की वारदातों में संलिप्त बताए जा रहे हैं।

मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। दूसरे आरोपी के नाबालिग होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी तेज कर दी गई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई राजधानी में बढ़ते अपराध पर अंकुश लगाने की दिशा में अहम कदम है। गिरोह के नेटवर्क और हालिया वारदातों से जुड़े तथ्यों को खंगाला जा रहा है।