न्यूयॉर्क: अमेरिका के ला गॉर्डिया एयरपोर्ट पर सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा सामने आया। मॉन्ट्रियल से आ रही एयर कनाडा एक्सप्रेस की फ्लाइट रनवे पर उतरते समय ग्राउंड व्हीकल से टकरा गई। इस टक्कर के बाद एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए विमानों का परिचालन रोकना पड़ा।
लैंडिंग के दौरान हुई टक्कर
फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के अनुसार, विमान सोमवार तड़के लैंडिंग के प्रयास में था, तभी यह हादसा हुआ। हादसे में किसी के घायल होने की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
एयरपोर्ट पर लागू हुआ ग्राउंड स्टॉप
हादसे के तुरंत बाद अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने ला गॉर्डिया एयरपोर्ट पर 'ग्राउंड स्टॉप' लागू कर दिया। इसका मतलब है कि न तो कोई विमान उतर सकता है और न ही कोई नई उड़ान भर सकती है। FAA ने बताया कि आपातकालीन स्थिति के कारण एयरपोर्ट को शाम तक बंद रखा जा सकता है।
यात्रियों को हुई परेशानी
ला गॉर्डिया एयरपोर्ट न्यूयॉर्क का सबसे व्यस्त हवाई अड्डा है। रनवे पर हुए इस हादसे और बाद में लागू हुई पाबंदियों के कारण हजारों यात्रियों की उड़ानें प्रभावित हुईं। एविएशन विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं दुर्लभ होती हैं, लेकिन इनका असर पूरे एयर ट्रैफिक नेटवर्क पर पड़ता है।
फ्लाइट रूट में बदलाव और जांच जारी
हादसे के बाद कई फ्लाइट के रूट डायवर्ट किए गए हैं। फिलहाल, एयर कनाडा और न्यूयॉर्क फायर डिपार्टमेंट ने इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। जांच टीमें मौके पर मौजूद हैं और हादसे की वजह जानने में लगी हैं।