पश्चिम एशिया में जारी तनाव और उससे उपजे वैश्विक ऊर्जा संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचत की अपील के बाद दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने यात्रियों के लिए बड़ी राहत का ऐलान किया है। डीएमआरसी 18 मई से हर सोमवार को 24 अतिरिक्त मेट्रो फेरे संचालित करेगा, जिसके लिए छह अतिरिक्त ट्रेनों को सेवा में शामिल किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर अन्य दिनों में भी अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन किया जा सकता है।

डीएमआरसी के अनुसार, मौजूदा हालात में सड़क परिवहन के मुकाबले मेट्रो यात्रा को प्राथमिकता देने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ सकती है। इसी संभावना को देखते हुए स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती, टिकट काउंटरों की संख्या में वृद्धि और डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर तथा बैगेज स्कैनर को पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं।

भीड़भाड़ वाले स्टेशनों पर यात्रियों की सुचारु आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रबंधन व्यवस्था भी लागू की जा रही है।

डीएमआरसी ने बताया कि उसका नेटवर्क रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों, एयरपोर्ट, नमो भारत कॉरिडोर और अन्य सार्वजनिक परिवहन साधनों से सीधा जुड़ा हुआ है, जिससे निजी वाहनों और ईंधन आधारित परिवहन पर निर्भरता कम हो रही है।

इसके अलावा 160 मेट्रो स्टेशनों पर लास्ट माइल कनेक्टिविटी की सुविधा विकसित की गई है, जिसमें ई-रिक्शा, ई-ऑटो, बाइक टैक्सी और साइकिल सेवाएं शामिल हैं। इससे प्रतिदिन करीब एक लाख यात्रियों को सुविधा मिल रही है। वहीं 126 स्टेशनों पर पार्क एंड राइड सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।

यात्रियों की सुविधा को देखते हुए डिजिटल टिकटिंग को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। अब यात्री क्यूआर कोड टिकट, एनसीएमसी कार्ड, व्हाट्सऐप टिकटिंग और अन्य डिजिटल माध्यमों से आसानी से टिकट बुक कर सकते हैं।