कैराना क्षेत्र की एक गृहिणी को साइबर ठगों ने ऑनलाइन जाल में फंसाकर लगभग आठ लाख रुपये की ठगी का शिकार बना लिया। आरोप है कि ठग ने इंग्लैंड से गिफ्ट पार्सल भेजने और घर बैठे कमाई का लालच देकर यह धोखाधड़ी की। पीड़िता ने मामले की शिकायत साइबर क्राइम थाने में दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मोहल्ला आलकलां निवासी पूनम के पास पिछले साल इंस्टाग्राम के जरिए एक ऑफर आया था, जिसमें घर से काम करके मोटी कमाई का दावा किया गया था। कुछ समय बाद उन्हें व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से एक अनजान व्यक्ति ने खुद को विदेशी कंपनी से जुड़ा बताया और सदस्यता लेने के लिए प्रेरित किया।
30 नवंबर 2025 को आरोपी ने दोबारा संपर्क कर बताया कि इंग्लैंड से एक गिफ्ट पार्सल उनके नाम भेजा जा रहा है, जिसे एयरपोर्ट से रिसीव करना होगा। इस पार्सल में आईफोन, सोने-हीरे के जेवर और लगभग छह हजार पाउंड नकद होने का दावा किया गया।
इसके बाद अलग-अलग बहानों से महिला से लगातार रकम जमा कराई जाती रही। 30 नवंबर से 8 दिसंबर 2025 के बीच उनसे किस्तों में करीब आठ लाख रुपये वसूले गए। बाद में 11 दिसंबर को एक और भुगतान की मांग की गई, लेकिन जब महिला ने असमर्थता जताई तो ठग ने धमकी दी कि पैसे न देने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसके बाद पीड़िता को अपने साथ हुई ठगी का अहसास हुआ और उन्होंने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई।