नई दिल्ली: दिल्ली के आउटर जिले में नांगलोई-नजफगढ़ रोड पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें तेज रफ्तार डीटीसी बस ने सड़क पर चल रहे राहगीरों को टक्कर मार दी। इस घटना में ई-रिक्शा सवार और स्कूटी सवार समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद इलाके में गुस्साई भीड़ जमा हो गई और उन्होंने बस में तोड़फोड़ करते हुए उसे आग के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन माहौल तनावपूर्ण बना रहा।
स्थानीय लोगों ने बस को आग लगाने के बाद भी अपने गुस्से को शांत नहीं किया और कई अन्य बसों को रोककर उनमें भी तोड़फोड़ की। पुलिस के अनुसार, गुस्साई भीड़ ने लगभग 3-4 बसों के शीशे तोड़ दिए। पुलिस के आने के बाद ही लोगों को समझाया जा सका और धीरे-धीरे स्थिति नियंत्रित हुई।
पुलिस ने आश्वस्त किया कि टक्कर मारने वाली बस के ड्राइवर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। हादसे की जगह पर पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि इलाके में शांति कायम रहे और आगे कोई अप्रिय घटना न हो।