शनिवार देर रात दिल्ली के शाहदरा जिले के मानसरोवर पार्क इलाके में एक चार मंजिला इमारत की स्टिल्ट पार्किंग में आग लगने से हड़कंप मच गया। आग लगने के बाद धुआं तेजी से सीढ़ियों के रास्ते ऊपर की मंजिलों तक फैल गया, जिससे कई लोग अपने-अपने फ्लैट में फंस गए। दमकल विभाग और स्थानीय लोगों की मदद से नौ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जिन्हें सांस लेने में दिक्कत के चलते जीटीबी अस्पताल भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद तीन लोगों को छोड़कर बाकी को छुट्टी दे दी गई।

जानकारी के अनुसार, मदर डेयरी वाली गली स्थित डी-45 नंबर की इमारत में नीचे पार्किंग और ऊपर चार मंजिलों पर आवासीय फ्लैट बने हुए हैं। देर रात करीब 12 बजे के आसपास पार्किंग में रखे पुराने फर्नीचर और कबाड़ में कथित तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। यह सामान सीढ़ियों के पास होने के कारण धुआं और आग तेजी से फैलते हुए निकासी मार्ग तक पहुंच गई, जिससे स्थिति गंभीर हो गई।

आग लगते ही इमारत में रहने वाले लोग घबराकर बालकनी और खिड़कियों से मदद की गुहार लगाने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सीढ़ी की मदद से एक 12 वर्षीय बच्ची समेत कुल नौ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। बचाए गए लोगों में वंशिका (20), तनिष्का सोनी (19), दुर्गेश देवी (49), योगेश वर्मा (50), राजरानी (65), अरुण गर्ग (48), अनाया (12), रेनु गर्ग (19) और प्रतीक गर्ग (19) शामिल हैं।

इस दौरान स्थानीय लोगों ने भी बड़ी सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत शोर मचाकर आसपास के लोगों को सतर्क किया और गली में खड़े वाहनों को हटाकर रास्ता खाली कराया, जिससे राहत एवं बचाव कार्य तेजी से हो सका। कुछ लोगों ने इमारत से बाहर निकलने के लिए बेडशीट और लकड़ी की सीढ़ियों का सहारा भी लिया।

दमकल कर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद करीब डेढ़ घंटे में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। फिलहाल मानसरोवर पार्क थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है और आग लगने के कारणों की विस्तृत पड़ताल जारी है।