नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है और गर्मी से मिली अस्थायी राहत अब खत्म होती नजर आ रही है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान में लगातार बढ़ोतरी की चेतावनी जारी की है।

6 दिनों में बढ़ेगा तापमान

मौसम विभाग के अनुसार अगले छह दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। 15 से 20 मई के बीच दिल्ली-एनसीआर में गर्मी और तेज होगी, जहां अधिकतम तापमान 38 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। वहीं न्यूनतम तापमान 26 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

आंशिक बादल और साफ मौसम की संभावना

शुरुआती दो दिनों तक आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं, जबकि 16 से 19 मई के बीच मौसम मुख्यतः साफ रहने की संभावना जताई गई है। इस दौरान पश्चिम और उत्तर-पश्चिम दिशा से मध्यम गति की हवाएं चल सकती हैं।

तेज धूप और गर्म हवाओं से बढ़ी परेशानी

दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से शुष्क मौसम के कारण तापमान में लगातार इजाफा हो रहा है। गुरुवार को तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को काफी परेशान किया। दिनभर लोग गर्मी और पसीने से बेहाल नजर आए।

तापमान और नमी का हाल

गुरुवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं आर्द्रता अधिकतम 84 प्रतिशत और न्यूनतम 37 प्रतिशत रही। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में 2 मिमी बारिश भी रिकॉर्ड की गई।