दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को दिल्लीवासियों से भावुक अपील की है. सुप्रीम कोर्ट में 2 जून को सरेंडर करने से पहले केजरीवाल ने कहा कि मैं देश को बचाने के लिए जेल रहा हूं, वहीं से आप सबकी सेवा करूंगा लेकिन मेरे माता पिता का ख्याल रखना. उन्होंने कहा कि मैं बेशक आपके बीच नहीं आऊंगा लेकिन आप चिंता मत करना आपके सारे काम चलाते रहेंगे.

उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिल्ली की जनता से कहा, मैं अंदर रहूं या बाहर…दिल्ली का एक भी काम नहीं रुकने दूंगा. आपकी फ्री बिजली, मोहल्ला क्लीनिक, अस्पताल में फ्री दवाइयां-इलाज, महिला के लिए बस यात्रा, 24 घंटे बिजली और भी सारे काम चलाते रहेंगे. जब जेल से वापस लौटूंगा तो हर मां बहन को हर महीने हजार रुपए देने की भी शुरुआत करूंगा.

‘मेरे माता-पिता का ख्याल रखना, उनके लिए दुआ करना’

केजरीवाल ने कहा कि मैं हमेशा आपके परिवार का बेटा बनकर अपना फर्ज निभाया है. आज मैं आपसे अपने परिवार के लिए कुछ मांगना चाहता हूं. मेरे माता-पिता बहुत बुजुर्ग हैं. मेरी मां बहुत बीमार रहती हैं. मुझे जेल में उनकी बहुत चिंता रहती है. मेरे पीछे से मेरे माता-पिता का ख्याल रखना. उनके लिए दुआ करना. भगवान से प्रार्थना करना. दुआ में बड़ी ताकत होती है.

‘भगवान ने चाहा तो आपका बेटा बहुत जल्द वापस आएगा’

केजरीवाल ने आगे कहा कि आप मेरी मां के लिए रोज प्रार्थना करेंगे तो वह जरूर स्वस्थ रहेंगी. मेरी पत्नी सुनीता बहुत मजबूत हैं. उन्होंने जिंदगी की हर मुश्किल वक्त में मेरा साथ दिया है. जब मुश्किल वक्त आता है तो पूरा परिवार एकजुट रहता है. आप सब ने मुश्किल वक्त में मेरा बहुत साथ दिया है. देश को बचाने के लिए अगर मुझे कुछ हो जाए. अगर मेरे प्राण भी चले जाएं तो गम मत करना. आपकी प्रार्थना की वजह से ही आज मैं जिंदा हूं और आगे भी आपका आशीर्वाद ही रक्षा करेगा. अंत में बस यही कहना चाहता हूं भगवान ने चाहा तो आपका बेटा बहुत जल्द वापस आएगा.