गुरुग्राम से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। वजीरपुर गांव में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और चार बच्चों को जहर देकर उनकी हत्या कर दी, जिसके बाद उसने खुद भी आत्महत्या की कोशिश की।

जानकारी के अनुसार, आरोपी नाजिम अपनी पत्नी और चार बच्चों के साथ वजीरपुर में किराए के मकान में रहकर सैलून चलाता था। शनिवार को उसने पहले अपनी 35 वर्षीय पत्नी और 14, 12, 10 और 8 साल के चार बच्चों को जहर दिया। इसके बाद उसने खुद की नस काटकर जान देने की कोशिश की।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और घायल आरोपी को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। वहीं, पत्नी और चारों बच्चों की मौत हो चुकी है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद का रहने वाला है। अभी तक इस दर्दनाक वारदात के पीछे की वजह साफ नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

इसी बीच गुरुग्राम के ही एक अन्य मामले में भोंडसी इलाके के एक फार्महाउस में जन्मदिन पार्टी के दौरान गोली चलने से एक युवक घायल हो गया। बताया गया कि 26 वर्षीय चिकेश दहिया अपने दोस्तों के साथ जन्मदिन मना रहा था, तभी लाइसेंसी रिवॉल्वर से अचानक गोली चल गई और वह उसके सीने में जा लगी।

घायल युवक को पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, बाद में गंभीर हालत को देखते हुए दूसरे अस्पताल में शिफ्ट किया गया, जहां उसका इलाज जारी है और उसकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।

पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है।