अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) में शनिवार देर रात उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया जब एक कार कथित तौर पर छात्रों से टकरा गई। इस घटना के बाद कैंपस में हंगामा मच गया।
जानकारी के अनुसार, टक्कर लगने पर छात्रों ने विरोध किया तो कार सवारों से उनकी कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इसी दौरान दोनों पक्षों में हाथापाई होने लगी और मौके पर अन्य छात्र भी जुट गए।
आरोप है कि कार में सवार लोग नशे की हालत में थे। स्थिति बिगड़ने पर छात्रों ने कार सवारों की पिटाई कर दी। इसके बाद विश्वविद्यालय की प्रॉक्टोरियल टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अपने साथ ले गई।
बाद में सभी को पुलिस के हवाले कर दिया गया। घटना के चलते काफी देर तक परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
इस दौरान छात्रों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी साझा कर दिया, जिसमें कार सवार लोगों को हाथ जोड़कर माफी मांगते हुए देखा जा सकता है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।